जिला स्तरीय धरती माता बचाओ एवं उर्वरक निगरानी समिति की बैठक सम्पन्न उर्वरकों की कालाबाजारी पर सख्ती, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के दिए निर्देश

संवाददाता | कानपुर देहात

जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट स्थित माँ मुक्तेश्वरी देवी सभागार में जिला स्तरीय उर्वरक निगरानी समिति एवं धरती माता बचाओ अभियान समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में उर्वरकों की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण तथा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने संबंधी विभिन्न विषयों पर विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक एवं असंतुलित प्रयोग पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उर्वरकों के अनियंत्रित उपयोग से मिट्टी की गुणवत्ता प्रभावित होती है, इसलिए किसानों को संतुलित एवं वैज्ञानिक पद्धति से उर्वरकों के प्रयोग के प्रति जागरूक किया जाना आवश्यक है।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को उर्वरकों की जमाखोरी, कालाबाजारी, अवैध परिवहन एवं निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलने जैसी अनियमितताओं पर नियमित निरीक्षण एवं सघन प्रवर्तन कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उर्वरक विक्रय केंद्रों पर स्टॉक एवं निर्धारित दरों की नियमित निगरानी की जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने उर्वरक वितरण प्रणाली में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि किसानों को समय पर एवं उचित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। साथ ही अधिकारियों को मृदा परीक्षण, जैविक एवं प्राकृतिक खेती तथा संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन के संबंध में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।

बैठक में धरती माता बचाओ अभियान के अंतर्गत मृदा स्वास्थ्य सुधार, पर्यावरण संरक्षण तथा टिकाऊ कृषि प्रणाली विकसित करने के लिए विभिन्न कार्ययोजनाओं पर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने एवं कृषि की दीर्घकालिक स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए प्राकृतिक खेती और जैविक विकल्पों को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है।

उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में उप कृषि निदेशक हरीशंकर भार्गव, जिला कृषि अधिकारी प्राची पाण्डेय, संबंधित विभागों के अधिकारी, समिति के सदस्य, जनपद के थोक उर्वरक विक्रेता एवं विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *