संवाददाता | कानपुर देहात
जिलाधिकारी कपिल सिंह द्वारा कलेक्ट्रेट कार्यालय में जनसुनवाई आयोजित कर जनपद के विभिन्न तहसीलों एवं ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना गया।
जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने प्रत्येक फरियादी की समस्या का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रकरणों के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी प्रार्थना पत्रों को प्राथमिकता के आधार पर दर्ज कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब अथवा लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं को उनके प्रकरण की प्रगति से समय-समय पर अवगत कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है, जिससे आमजन का प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।
उन्होंने शासन की प्राथमिकता योजनाओं एवं जनशिकायत निस्तारण प्रणाली के अंतर्गत संचालित आईजीआरएस पोर्टल की नियमित समीक्षा करने के निर्देश देते हुए कहा कि पोर्टल पर प्राप्त कोई भी शिकायत लंबित नहीं रहनी चाहिए। सभी शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का प्रभावी समाधान हो सके।
जनसुनवाई को अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने के उद्देश्य से जनपद स्तरीय समस्त अधिकारी, सभी उपजिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी तथा नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (ज़ूम) के माध्यम से बैठक से जुड़े रहे और शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए आवश्यक निर्देश प्राप्त किए।