मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण जागरूकता अभियान चलाया गया

संवाददाता | कानपुर देहात

पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनपद के बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं कानूनी अधिकारों को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान जनपदीय थाना पुलिस ने सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा, कानूनी अधिकारों तथा अपराधों से बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी दी। साथ ही महिला हेल्पलाइन 181, महिला शक्ति लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, इमरजेंसी हेल्पलाइन 112 तथा पुलिस कंट्रोल रूम 1076 सहित महत्वपूर्ण सहायता नंबरों की जानकारी भी साझा की गई।

पुलिस टीम ने महिलाओं को UPCOP ऐप के माध्यम से उपलब्ध पुलिस सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया तथा सोशल मीडिया पर होने वाले साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के व्यावहारिक उपायों से अवगत कराया।

अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को पॉक्सो अधिनियम (POCSO Act), दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत साइबर अपराधों से संबंधित कानूनी प्रावधानों की भी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करना है। यह अभियान समाज में महिलाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति को मजबूत करने के लिए लगातार संचालित किया जा रहा है।

कानपुर देहात पुलिस ने सभी महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में बिना संकोच निकटतम पुलिस थाने अथवा हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें, ताकि उन्हें तत्काल सहायता और न्याय उपलब्ध कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *