संवाददाता: उरई/जालौन
जालौन। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह द्वारा आज जिला कारागार उरई का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई तथा बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का गहन जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान बैरकों, रसोईघर, अस्पताल कक्ष, सुरक्षा चौकियों एवं सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था का विस्तार से परीक्षण किया गया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बंदियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप भोजन, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाएं एवं स्वच्छ वातावरण हर हाल में उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने जेल परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करने तथा संवेदनशील बंदियों पर विशेष निगरानी रखने के भी निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि जेल की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने गेट चेकिंग, मुलाकात व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की सतत निगरानी एवं सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजीव राज, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, जेल अधीक्षक नीरज देव सहित संबंधित अधिकारी एवं कारागार स्टाफ उपस्थित रहे।