जनगणना-2027 को जालौन में मिला जनसहभागिता का बड़ा संदेश

जनप्रतिनिधियों और मीडिया कर्मियों ने स्वयं भरकर की स्व-गणना, लोगों से भी की अपील

संवाददाता | उरई/जालौन

जनगणना-2027 के अंतर्गत चल रहे स्व-गणना अभियान को जनपद जालौन में व्यापक जनसमर्थन मिलता दिखाई दे रहा है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय सहित प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों ने स्वयं अपनी स्व-गणना भरकर जिम्मेदार नागरिक होने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में अधिकारियों ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि भविष्य की विकास योजनाओं, संसाधनों के वितरण और जनकल्याणकारी योजनाओं की मजबूत नींव है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि प्रत्येक नागरिक स्व-गणना अभियान में बढ़-चढ़कर भाग ले और घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से अपनी सही एवं पूर्ण जानकारी दर्ज करे।

अधिकारियों ने कहा कि नागरिकों द्वारा दी गई सही जानकारी भविष्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, आवास, रोजगार एवं आधारभूत सुविधाओं की बेहतर योजना तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। यह केवल सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश और समाज के विकास में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता का अभियान है।

जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी एवं सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने भी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है और इसमें प्रत्येक व्यक्ति का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्व-गणना की सुविधा से अब नागरिक स्वयं अपनी जानकारी आसानी से ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं, जिससे प्रक्रिया और अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बन रही है।

कार्यक्रम के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों ने भी स्व-गणना कर आमजन को जागरूक करने का संदेश दिया। अधिकारियों ने बताया कि भारत सरकार द्वारा संचालित इस अभियान के तहत नागरिक निर्धारित पोर्टल पर मोबाइल नंबर के माध्यम से ओटीपी सत्यापन कर अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने जनपदवासियों से अपील की कि वे जागरूक नागरिक बनकर जनगणना-2027 को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

Back to list
Next *जिला कारागार उरई में आत्मनिर्भरता की नई पहल, डीएम ने बेकरी यूनिट का किया शुभारंभ* *अब बंदियों को मिलेगा ताजा ब्रेड-बिस्किट, कारागार से पुलिस लाइन तक होगी आपूर्ति* संवाददाता उरई/जालौन जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने जिला कारागार उरई में बंदियों के पुनर्वास, कौशल विकास एवं बेहतर भोजन व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए बेकरी कक्ष एवं अत्याधुनिक बेकरी मशीन का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कारागार प्रशासन को निर्देशित किया कि मशीन से तैयार होने वाले उत्पादों का उपयोग बंदियों के नाश्ते एवं भोजन व्यवस्था में किया जाए, साथ ही भविष्य में पुलिस लाइन, अन्य सरकारी संस्थानों में भी इन उत्पादों की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।जिलाधिकारी ने कहा कि कारागार केवल दंड का स्थान नहीं, बल्कि सुधार और आत्मनिर्भरता का केंद्र होना चाहिए। बंदियों को कौशल आधारित गतिविधियों से जोड़ने से उनमें आत्मविश्वास बढ़ेगा तथा भविष्य में उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने की नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन बंदियों के पुनर्वास और रोजगारपरक प्रशिक्षण के लिए निरंतर प्रयासरत है। जेल अधीक्षक नीरज देव ने बताया कि स्थापित बेकरी मशीन के माध्यम से कारागार में ब्रेड, बिस्किट एवं अन्य बेकरी उत्पाद तैयार किए जाएंगे। इन उत्पादों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि यह पहल बंदियों को व्यावसायिक प्रशिक्षण देने के साथ-साथ कारागार को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। जिलाधिकारी ने शुभारंभ के उपरांत कारागार परिसर में संचालित अन्य निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था की सराहना की तथा भविष्य में भी इसी प्रकार गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर जेलर प्रदीप कुमार, चिकित्साधिकारी डॉ. राहुल बर्मन, उपकारापाल अमर सिंह, संगेष कुमार सहित कारागार का अन्य स्टाफ उपस्थित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *