जनप्रतिनिधियों और मीडिया कर्मियों ने स्वयं भरकर की स्व-गणना, लोगों से भी की अपील
संवाददाता | उरई/जालौन
जनगणना-2027 के अंतर्गत चल रहे स्व-गणना अभियान को जनपद जालौन में व्यापक जनसमर्थन मिलता दिखाई दे रहा है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय सहित प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों ने स्वयं अपनी स्व-गणना भरकर जिम्मेदार नागरिक होने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में अधिकारियों ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि भविष्य की विकास योजनाओं, संसाधनों के वितरण और जनकल्याणकारी योजनाओं की मजबूत नींव है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि प्रत्येक नागरिक स्व-गणना अभियान में बढ़-चढ़कर भाग ले और घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से अपनी सही एवं पूर्ण जानकारी दर्ज करे।
अधिकारियों ने कहा कि नागरिकों द्वारा दी गई सही जानकारी भविष्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, आवास, रोजगार एवं आधारभूत सुविधाओं की बेहतर योजना तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। यह केवल सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश और समाज के विकास में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता का अभियान है।
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी एवं सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने भी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है और इसमें प्रत्येक व्यक्ति का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्व-गणना की सुविधा से अब नागरिक स्वयं अपनी जानकारी आसानी से ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं, जिससे प्रक्रिया और अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बन रही है।
कार्यक्रम के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों ने भी स्व-गणना कर आमजन को जागरूक करने का संदेश दिया। अधिकारियों ने बताया कि भारत सरकार द्वारा संचालित इस अभियान के तहत नागरिक निर्धारित पोर्टल पर मोबाइल नंबर के माध्यम से ओटीपी सत्यापन कर अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने जनपदवासियों से अपील की कि वे जागरूक नागरिक बनकर जनगणना-2027 को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।