कानपुर देहात | संवाददाता
कलेक्ट्रेट कार्यालय में जिलाधिकारी कपिल सिंह द्वारा जनसुनवाई आयोजित की गई। इस दौरान जनपद के विभिन्न तहसीलों एवं ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत कीं।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रकरणों के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के स्पष्ट निर्देश दिए।
उन्होंने निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी प्रार्थना पत्रों को प्राथमिकता के आधार पर पंजीकृत करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि शिकायतकर्ताओं को उनके प्रकरण की प्रगति से नियमित रूप से अवगत कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि आवेदकों को समय-समय पर उनके मामलों की वर्तमान स्थिति की जानकारी उपलब्ध कराई जाए, जिससे प्रशासन के प्रति आमजन का विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो सके।