गो सेवा के लिए आगे आएं नागरिक, दानदाताओं को मिलेगा सम्मान

कानपुर देहात | संवाददाता

मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी डॉ. सुबोध कुमार ने जनपद में संचालित 76 गौशालाओं के सुचारु संचालन एवं गोवंश संरक्षण के लिए समाज के विभिन्न वर्गों से सहयोग की अपील की है। उन्होंने समाजसेवियों, ग्राम प्रधानों, ब्लॉक प्रमुखों, जिला पंचायत सदस्यों, व्यापारियों, उद्यमियों तथा सक्षम नागरिकों से इस अभियान में आगे आने का आह्वान किया है।

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार लोग वृद्धाश्रमों एवं अन्य सामाजिक संस्थाओं में दान देकर जन्मदिन, वर्षगांठ जैसे अवसरों को विशेष बनाते हैं, उसी प्रकार गौशालाओं को गोद लेकर भी सेवा कार्य किया जा सकता है। इच्छुक व्यक्ति गौशालाओं में भूसा, चोकर, चूनी, हरा चारा, पशु आहार एवं अन्य आवश्यक सामग्री का योगदान देकर गोवंश संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जो भी व्यक्ति, संस्था या समाजसेवी गौशालाओं में सहयोग करेंगे, उन्हें विभाग की ओर से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही जिलाधिकारी कानपुर देहात द्वारा भी ऐसे दानदाताओं एवं उनके परिवार को सम्मान प्रदान किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गोसेवा का विशेष महत्व है और शास्त्रों में गाय को पूजनीय माना गया है। ऐसे में जनपद के सभी नागरिकों को इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए निकटवर्ती गौशालाओं में सहयोग करना चाहिए, जिससे समाजहित एवं गोवंश संरक्षण को और अधिक मजबूती मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *