80 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले पेंशन लाभार्थियों को जून माह के अंत तक मिलेगी पेंशन

संवाददाता | उरई/जालौन

उरई, 31 जुलाई 2026। जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन योजना के अंतर्गत 80 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले लाभार्थियों की पेंशन वितरण व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि भारत सरकार के निर्देशों के अनुपालन में पेंशन वितरण के लिए नए एसएनए (SNA) स्पर्श मॉड्यूल को प्रदेश के सभी जनपदों में लागू किया जा रहा है। इस नई प्रणाली को विकसित एवं संचालित करने का कार्य एनआईसी (NIC) तथा साइबर ट्रेजरी के सहयोग से किया जा रहा है। तकनीकी प्रक्रिया पूर्ण होने में लगभग एक माह का समय लगने की संभावना है।

जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी ने बताया कि नई व्यवस्था लागू होने के कारण दिव्यांग भरण-पोषण अनुदान (दिव्यांग पेंशन) तथा कुष्ठावस्था पेंशन के ऐसे लाभार्थी, जिनकी दिव्यांगता 80 प्रतिशत या उससे अधिक है, उनकी पेंशन की धनराशि नई प्रक्रिया के तहत सीधे आधार आधारित बैंक खातों में भेजी जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि तकनीकी प्रक्रिया पूरी होने के उपरांत निदेशालय स्तर से पात्र लाभार्थियों के खातों में जून माह के अंतिम दिनों तक पेंशन की धनराशि हस्तांतरित कर दी जाएगी।

जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी ने सभी पात्र लाभार्थियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा धैर्य बनाए रखें। पेंशन का भुगतान नई ऑनलाइन प्रणाली के माध्यम से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया जाएगा। यदि किसी लाभार्थी को योजना से संबंधित कोई जानकारी या समस्या हो, तो वह जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कार्यालय से संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *