28वीं कानपुर जोन अन्तरजनपदीय पुलिस वॉलीबॉल क्लस्टर प्रतियोगिता-2026 का पुलिस लाइन ग्राउंड कानपुर देहात में भव्य शुभारम्भ

संवाददाता, कानपुर देहात

28वीं कानपुर जोन अन्तरजनपदीय पुलिस वॉलीबॉल क्लस्टर (महिला एवं पुरुष) प्रतियोगिता-2026 (वॉलीबॉल एवं सेपक टकरॉ) का भव्य शुभारम्भ दिनांक 22 जून 2026 को पुलिस लाइन ग्राउंड, कानपुर देहात में किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन पुलिस उपमहानिरीक्षक, कानपुर परिक्षेत्र, कानपुर, श्री यमुना प्रसाद (आईपीएस) द्वारा फीता काटकर किया गया।

यह तीन दिवसीय प्रतियोगिता (22 जून से 24 जून 2026 तक) पुलिस बल में खेल भावना, अनुशासन, टीमवर्क तथा शारीरिक दक्षता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक श्री यमुना प्रसाद ने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ नहीं बनाते, बल्कि मानसिक दृढ़ता, नेतृत्व क्षमता एवं अनुशासन के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए प्रतियोगिता के औपचारिक शुभारम्भ की घोषणा की।

इस अवसर पर जिलाधिकारी कानपुर देहात श्री कपिल सिंह, पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी श्री विधान जायसवाल, अपर पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्री आलोक प्रसाद, उपजिलाधिकारी श्री राजकुमार पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी लाइन्स/सिकन्दरा श्री सौरभ वर्मा, क्षेत्राधिकारी डेरापुर श्री धर्मेन्द्र कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी भोगनीपुर श्री राजीव सिरोही सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता में कानपुर जोन के कुल 09 जनपदों की पुरुष एवं महिला टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। इनमें पुलिस कमिश्नरेट कानपुर नगर, कानपुर देहात, इटावा, कन्नौज, औरैया, फतेहगढ़ (फर्रुखाबाद), झांसी, जालौन एवं ललितपुर की टीमें शामिल हैं।

उद्घाटन समारोह के दौरान सभी टीमों द्वारा अनुशासित एवं प्रभावशाली मार्च पास्ट प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। प्रतियोगिता के सफल संचालन में कानपुर देहात पुलिस की पूरी टीम सक्रिय भूमिका निभा रही है।

प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच जनपद इटावा एवं फतेहगढ़ (फर्रुखाबाद) की टीमों के मध्य वॉलीबॉल मुकाबले के रूप में प्रारम्भ हुआ। आगामी तीन दिनों तक विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से खिलाड़ियों के कौशल, अनुशासन एवं खेल भावना का प्रदर्शन देखने को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *