पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास, जवाबी कार्रवाई में घायल आरोपी अस्पताल भेजा गया
संवाददाता / कानपुर देहात
कानपुर देहात। जनपद में अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गजनेर पुलिस ने नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे आरोपी को पुलिस ने मौके से पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक, 09 सितंबर 2026 को थाना गजनेर में एक नाबालिग पीड़िता के संबंध में मुकदमा दर्ज कराया गया था। मामले में मु0अ0सं0 0222/2026, धारा 70(2)/351(3) बीएनएस एवं 5G/6 पॉक्सो एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था। घटना में शामिल आरोपियों की तलाश एवं गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही थी।
इसी क्रम में 09/10 सितंबर 2026 की सुबह मुखबिर की सूचना पर थाना गजनेर पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में बताए गए स्थान पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, मौके पर मौजूद दोनों आरोपियों को रोकने और पकड़ने का प्रयास किया गया तो उन्होंने एक राय होकर पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया।
पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई के दौरान आरोपी अनिल सिंह के दाहिने पैर में गोली लग गई। वहीं दूसरे आरोपी कालका प्रसाद को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी अनिल सिंह को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी गजनेर भेजा गया।
पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल होने की बात कही
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने गांव की एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद वे गांव से भागने की तैयारी में थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें घेर लिया और पकड़े जाने के डर से उन्होंने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग की।
पुलिस ने मौके से एक देशी तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस एवं दो जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद किए हैं। इसके अलावा जामा तलाशी में दोनों के पास से कुल 660 रुपये नकद बरामद किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
1. अनिल सिंह पुत्र राजदुलारे, निवासी ग्राम कठेठी, थाना गजनेर, जनपद कानपुर देहात।
2. कालका प्रसाद पुत्र इन्गू, निवासी ग्राम कठेठी, थाना गजनेर, जनपद कानपुर देहात।
दर्ज मुकदमों का विवरण
अनिल सिंह के विरुद्ध—
- मु0अ0सं0 0222/2026, धारा 70(2)/351(3) बीएनएस एवं 5G/6 पॉक्सो एक्ट।
- मु0अ0सं0 0224/2026, धारा 109 बीएनएस एवं 3/25/27 आर्म्स एक्ट।
कालका प्रसाद के विरुद्ध—
- मु0अ0सं0 0222/2026, धारा 70(2)/351(3) बीएनएस एवं 5G/6 पॉक्सो एक्ट।
- मु0अ0सं0 0224/2026, धारा 109 बीएनएस।
पुलिस टीम
गिरफ्तारी की कार्रवाई में थाना गजनेर पुलिस टीम के थानाध्यक्ष सनत कुमार, उपनिरीक्षक ललित कुमार, हेड कांस्टेबल अनुपम कुमार, हेड कांस्टेबल मानबहादुर, कांस्टेबल राजेश कुमार एवं कांस्टेबल शिव शांत शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।