24 घंटे में मोबाइल चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

चोरी का मोबाइल, 250 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद

संवाददाता
कोंच/जालौन

कोंच। कोतवाली कोंच पुलिस ने मोबाइल चोरी की घटना का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल फोन, 250 रुपये की नकदी तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुलिया की दीवार पर रखा था मोबाइल और पर्स

पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे रेनू वर्मा खाना बनाकर स्कूल के गेट से बाहर निकली थीं। इसी दौरान उनके पैर में पहनी चप्पल में कांटा घुस गया। कांटा निकालने के लिए उन्होंने अपना मोबाइल फोन और एक छोटा पर्स, जिसमें करीब 250 रुपये नकद थे, पुलिया की दीवार पर रख दिया।

इसी दौरान मोटरसाइकिल से पहुंचे तीन युवकों ने मौका पाकर मोबाइल फोन और पर्स उठा लिया और वहां से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली कोंच में मु0अ0सं0 202/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू करते हुए आरोपियों की तलाश तेज कर दी।

24 घंटे में पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा

पुलिस के मुताबिक, अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन, पुलिस महानिरीक्षक झांसी परिक्षेत्र के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक जालौन के पर्यवेक्षण तथा अपर पुलिस अधीक्षक जालौन के नेतृत्व में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 24 सितंबर 2026 को कोतवाली कोंच पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सचिन तिवारी (21), सोनू तिवारी (29) और हर्ष वर्मा उर्फ बेटू (19), निवासी गोखलेनगर, थाना कोंच, जनपद जालौन के रूप में हुई है।

यह सामान हुआ बरामद

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से:

  • सैमसंग F17 मोबाइल फोन
  • 250 रुपये नकद
  • वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल संख्या UP92 AV 1406

बरामद की गई है।

पुलिस ने बताया कि बरामदगी के आधार पर दर्ज मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *