23 अक्टूबर को मतदान, 27 को झांसी में मतगणना

जालौन में 20,999 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग, 33 मतदेय स्थल और 24 मतदान केंद्र तैयार

संवाददाता
उरई/जालौन

उरई। प्रयागराज-झांसी शिक्षक एवं स्नातक खंड निर्वाचन को लेकर जालौन में चुनावी तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी समीर ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा, जबकि 27 अक्टूबर को झांसी में मतगणना होगी। नामांकन की अंतिम तिथि मंगलवार को है। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने पर प्रत्याशियों की अंतिम स्थिति स्पष्ट होगी।

जिले में निर्वाचन के लिए कुल 20,999 मतदाता पंजीकृत हैं। इनके मतदान के लिए 33 मतदेय स्थल और 24 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जिला प्रशासन की ओर से स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

आचार संहिता पर प्रशासन की कड़ी नजर

निर्वाचन कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही जिले में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। इसके अनुपालन और चुनावी गतिविधियों की निगरानी के लिए एमसीएमसी, वीडियो सर्विलांस और वीडियो वॉचिंग टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। ये टीमें चुनावी गतिविधियों पर लगातार नजर रखते हुए आवश्यक रिपोर्ट तैयार कर रही हैं।

शिकायतों की होगी नियमानुसार जांच

जिलाधिकारी समीर ने कहा कि निर्वाचन से संबंधित शिकायतों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मतदाता सूची अथवा अन्य निर्वाचन संबंधी किसी मामले में शिकायत मिलने पर उसकी जांच कराई जाएगी। इसी तरह आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत प्राप्त होने पर जांच के बाद संबंधित प्रत्याशी को नियमानुसार नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन का लक्ष्य निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों एवं निगरानी टीमों को लगातार सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *