12 जुलाई को जनपद के सभी विद्यालयों में आयोजित होगा वृक्षारोपण महाअभियान

संवाददाता | कानपुर देहात

कानपुर देहात, 09 जुलाई 2026। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार जनपद कानपुर देहात में 12 जुलाई 2026 (रविवार) को वृहद स्तर पर वृक्षारोपण महाअभियान-2026 का आयोजन किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत जनपद के समस्त राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में व्यापक स्तर पर पौधरोपण कराया जाएगा।

जिला विद्यालय निरीक्षक बृज भूषण चौधरी ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना तथा विद्यार्थियों एवं समाज में प्रकृति के प्रति जागरूकता विकसित करना है। इसके लिए सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं प्रधानाध्यापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक विद्यालय छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता के साथ वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित करे तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप अधिक से अधिक पौधरोपण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही लगाए गए पौधों के संरक्षण, नियमित सिंचाई एवं देखभाल की प्रभावी व्यवस्था भी की जाए, ताकि पौधे सुरक्षित रह सकें और अभियान का उद्देश्य सफल हो।

जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी विद्यालयों से शासन के निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए जनभागीदारी के साथ वृक्षारोपण महाअभियान को सफल बनाने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *