09 से 17 अगस्त तक होंगे विविध कार्यक्रम, व्यापक जनभागीदारी के साथ हर घर तिरंगा फहराने का आह्वान
संवाददाता
उरई/जालौन
जनपद जालौन, 06 अगस्त 2026। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में हर घर तिरंगा अभियान-2026 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने तथा अधिकाधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि 09 से 17 अगस्त 2026 तक चलने वाला हर घर तिरंगा अभियान केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव, एकता एवं नागरिक कर्तव्य की भावना को मजबूत करने वाला व्यापक जनअभियान है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक घर, सरकारी कार्यालय, शिक्षण संस्थान एवं सार्वजनिक भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज को सम्मानपूर्वक फहराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि अभियान में अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में नागरिकों को तिरंगे के प्रति सम्मान एवं राष्ट्रभक्ति की भावना से जोड़ते हुए अभियान को उत्सव के रूप में मनाया जाए।
तिरंगा रैलियों में बढ़-चढ़कर भाग लेंगे लोग
जिलाधिकारी ने जनपद में भव्य तिरंगा रैलियों के आयोजन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन रैलियों में छात्र-छात्राओं, युवाओं, स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों, सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहित आम नागरिकों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाए। रैली के प्रारंभ में सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन भी कराया जाए।
उन्होंने शिक्षा विभाग को विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में तिरंगा प्रेरित कलाकृतियां, चित्रकला प्रतियोगिताएं, देशभक्ति आधारित गतिविधियां तथा स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन एवं योगदान पर आधारित कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए।
डिजिटल माध्यम से भी होगा व्यापक प्रचार-प्रसार
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को अपनी आधिकारिक वेबसाइट एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से हर घर तिरंगा अभियान-2026 का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक नागरिकों को डिजिटल माध्यम से अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्र के प्रति गौरव, सम्मान एवं कर्तव्यबोध की भावना को और मजबूत करना है। सभी अधिकारी अपने-अपने विभागों की कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूर्ण करें, ताकि अभियान को जनपद में उत्साह, गरिमा एवं व्यापक जनसहभागिता के साथ सफल बनाया जा सके।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने अभियान के दौरान आवश्यक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्यक्रमों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आमजन की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजीव राज, अपर जिलाधिकारी न्यायिक योगेंद्र यादव, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी एचएन प्रसाद, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, डीसी मनरेगा रामेन्द्र सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी राम अयोध्या प्रसाद सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।