जनपद जालौन के पुलिस विभाग में उस समय शोक की लहर दौड़ गई जब हरियाणा के जनपद नूंह में हुई दुखद सड़क दुर्घटना में कर्तव्य पालन के दौरान जनपद के चार पुलिसकर्मियों का असामयिक निधन हो गया।
पुलिस लाइन उरई में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन कानपुर, पुलिस महानिरीक्षक झांसी परिक्षेत्र झांसी, जिलाधिकारी जालौन, पुलिस अधीक्षक जालौन, अपर पुलिस अधीक्षक जालौन एवं जनप्रतिनिधियों सहित पुलिस विभाग के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
दुर्घटना में दिवंगत हुए पुलिसकर्मियों में—
- उपनिरीक्षक सत्यभान सिंह, कोतवाली उरई
- उपनिरीक्षक मोहित कुमार यादव, कोतवाली उरई
- आरक्षी अशोक कुमार, कोतवाली उरई
- आरक्षी प्रदीप कुमार, सर्विलांस सेल
शामिल रहे।
सभी दिवंगत पुलिसकर्मियों को पुलिस लाइन उरई में शोक सलामी दी गई तथा उनके पार्थिव शरीरों पर पुष्पचक्र अर्पित कर आत्मा की शांति हेतु दो मिनट का मौन धारण किया गया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नम आंखों से अपने साथियों को अंतिम विदाई दी तथा पार्थिव शरीरों को कंधा देकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन कानपुर द्वारा शोक संतप्त परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया गया एवं हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया गया।
पूरा पुलिस विभाग अपने वीर साथियों की कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और सेवाओं को सदैव याद रखेगा।