स्कूली वाहनों की सुरक्षा को लेकर सख्ती, नियमित जांच व फिटनेस सुनिश्चित करने के निर्देश

विद्यार्थियों की सुरक्षित आवाजाही को सर्वोच्च प्राथमिकता, लापरवाही मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश

संवाददाता
कानपुर देहात

कानपुर देहात। जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार में आयोजित हुई। बैठक में स्कूली वाहनों की सुरक्षा, फिटनेस तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अजीत सिंह पाल तथा राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुईं। जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट कपिल सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, क्षेत्राधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

सुरक्षा मानकों के पालन पर जोर

बैठक में विद्यार्थियों की सुरक्षित आवाजाही को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्कूली वाहनों में शासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन कराने पर जोर दिया गया। संबंधित अधिकारियों को स्कूली वाहनों की नियमित जांच एवं फिटनेस की निगरानी करने के निर्देश दिए गए।

इसके साथ ही वाहन चालकों एवं परिचालकों का सत्यापन, यातायात नियमों का पालन तथा वाहनों का निर्धारित क्षमता के अनुसार संचालन सुनिश्चित कराने को कहा गया।

विद्यालय प्रबंधन की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश

जनप्रतिनिधियों ने विद्यालय प्रबंधन की जिम्मेदारी पर भी जोर देते हुए विद्यार्थियों के सुरक्षित परिवहन के संबंध में शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों से कहा गया कि स्कूली वाहनों के संचालन में किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर

बैठक में विद्यार्थियों की सुरक्षित एवं निर्बाध आवाजाही के लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई करने तथा सुरक्षा मानकों की नियमित निगरानी करने पर भी जोर दिया गया।

जिलाधिकारी कपिल सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने स्कूली वाहनों की नियमित जांच, फिटनेस तथा निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *