विशेष अभियान में 3 स्कूल वाहन व 3 स्लीपर बसें निरुद्ध, कई अन्य वाहनों के चालान
संवाददाता | उरई/जालौन
जनपद जालौन में स्कूली छात्र-छात्राओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने तथा सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन कराने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने बुधवार को विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। यह अभियान जिला विद्यालय परिवहन यान सुरक्षा समिति की बैठक में लिए गए निर्णयों एवं जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देशों के अनुपालन में संचालित किया गया।
अभियान के दौरान सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार एवं यात्री/मालकर अधिकारी आनन्द राय कुरील ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में विद्यालयी वाहनों, यात्री वाहनों तथा अन्य व्यावसायिक वाहनों का सघन निरीक्षण किया।
जांच के दौरान सुरक्षा मानकों एवं परिवहन नियमों का उल्लंघन करते पाए गए तीन विद्यालयी वाहनों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई करते हुए उन्हें निरुद्ध कर संबंधित थानों में खड़ा कराया गया।
इसी दौरान तीन स्लीपर बसें यात्रियों के साथ माल ढुलाई करते हुए पकड़ी गईं। इसे गंभीर नियम उल्लंघन मानते हुए परिवहन विभाग ने बसों का चालान कर उन्हें भी निरुद्ध करते हुए संबंधित थानों में खड़ा कराया। अभियान के दौरान विभिन्न श्रेणी के अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले कई वाहनों के विरुद्ध भी चालान की कार्रवाई की गई।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि किसी भी यात्री वाहन का उपयोग माल ढुलाई के लिए करना मोटर वाहन नियमों का गंभीर उल्लंघन है। भविष्य में भी यदि मार्ग जांच के दौरान ऐसी अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित वाहन स्वामी एवं संचालक के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने जनपद के सभी विद्यालयों के प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों एवं वाहन संचालकों से अपील की है कि विद्यालयी वाहनों का संचालन सभी वैध अभिलेखों के साथ किया जाए। साथ ही पंजीकरण प्रमाणपत्र में निर्धारित सीट क्षमता से अधिक छात्र-छात्राओं को वाहन में न बैठाया जाए तथा प्रत्येक विद्यालयी वाहन की फिटनेस, परमिट, चालक की वैधता एवं सभी सुरक्षा मानकों का नियमित रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षित, सुगम एवं निर्बाध यात्रा सुनिश्चित हो सके।