सोशल मीडिया पर भ्रामक/आपत्तिजनक टिप्पणियों के संबंध में पुलिस का स्पष्टीकरण

संवाददाता: कानपुर देहात

कानपुर देहात। विगत 03–04 दिनों से सोशल मीडिया पर जनपद पुलिस के विरुद्ध गंभीर, आपत्तिजनक एवं भ्रामक टिप्पणियां प्रसारित की जा रही हैं। इस संबंध में जनपद पुलिस द्वारा प्रकरण की स्थिति स्पष्ट की गई है।

पुलिस के अनुसार दिनांक 29.05.2026 को शिकायतकर्ता श्री अभिषेक शर्मा द्वारा उपजिलाधिकारी मैथा के कार्यालय में भूमि विवाद से संबंधित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया था। उसी दिन शिकायतकर्ता द्वारा थाना शिवली पर भी प्रार्थना पत्र दिया गया, जिस पर प्रभारी निरीक्षक शिवली द्वारा हल्का प्रभारी को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया।

बीएनएसएस की धारा 173(3) के अंतर्गत 3 से 7 वर्ष तक की सजा वाले मामलों में एफआईआर दर्ज करने से पूर्व प्रारंभिक जांच की व्यवस्था के तहत, हल्का प्रभारी द्वारा उसी दिन क्षेत्राधिकारी रसूलाबाद से आवश्यक अनुमति प्राप्त की गई।

विवादित भूमि पर कब्जे के दृष्टिगत बीएनएसएस की धारा 164 के अंतर्गत भूमि को कुर्क करने हेतु रिपोर्ट उपजिलाधिकारी मैथा को प्रेषित की गई। इसके उपरांत शिकायतकर्ता अपने दो साथियों के साथ जिलाधिकारी कार्यालय में उपस्थित हुए, जहां जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा उनकी समस्या को सुनते हुए उपजिलाधिकारी मैथा को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।

उपजिलाधिकारी मैथा द्वारा उसी दिन बीएनएसएस की धारा 165 के अंतर्गत विवादित भूमि को कुर्क कर रिसीवर नियुक्त किया गया। इसके पश्चात रिसीवर द्वारा दिनांक 30.05.2026 को लगभग 18:00 बजे नियमानुसार लोहे का बोर्ड लगवाकर आदेश को स्पष्ट रूप से अंकित कराया गया।

इसके बावजूद कुछ सोशल मीडिया अकाउंट्स द्वारा जनपद प्रशासन एवं पुलिस की छवि को धूमिल करने के उद्देश्य से भ्रामक जानकारी एवं व्यक्तिगत टिप्पणियां प्रसारित की जा रही हैं।

इस प्रकरण में धारा 94 बीएनएसएस से संबंधित एक नोटिस को भी सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है, जो कि प्रारंभिक जांच में फर्जी दस्तावेज प्रतीत होता है। इस संबंध में थाना अकबरपुर पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।

जनपद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों एवं अपुष्ट सूचनाओं पर ध्यान न दें तथा फर्जी या भ्रामक जानकारी को साझा करने से बचें। सभी से शांति एवं संयम बनाए रखने तथा पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।

कानपुर देहात पुलिस जनपद में शांति, सुरक्षा एवं जनसुविधा सुनिश्चित करने हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *