जनहित एवं सामाजिक जागरूकता के संदेशों को सोशल मीडिया के माध्यम से आमजन तक पहुंचाने पर दिया जोर
संवाददाता
कानपुर देहात
कानपुर देहात, 23 अगस्त 2026। सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव और इसकी व्यापक पहुंच को देखते हुए पुलिस एवं आमजन के बीच बेहतर संवाद और समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस अधीक्षक, कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय द्वारा जनपद के सोशल मीडिया इनफ्लुएन्सर्स एवं कंटेन्ट क्रीएटर्स के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से जनहित, सामाजिक जागरूकता तथा सकारात्मक पुलिसिंग से संबंधित महत्वपूर्ण संदेशों को अधिक से अधिक लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक महोदया ने सोशल मीडिया इनफ्लुएन्सर्स एवं कंटेन्ट क्रीएटर्स से संवाद करते हुए कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया जनसंचार का एक अत्यंत प्रभावी माध्यम बन चुका है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की व्यापक पहुंच के कारण किसी भी जानकारी को बहुत कम समय में बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंचाया जा सकता है। ऐसे में सोशल मीडिया का उपयोग सकारात्मक, तथ्यपरक एवं जनहितकारी जानकारी के प्रसार के लिए किया जाना बेहद महत्वपूर्ण है।
महिला एवं बाल सुरक्षा के प्रति जागरूकता पर जोर
पुलिस अधीक्षक महोदया ने सोशल मीडिया इनफ्लुएन्सर्स से विशेष रूप से महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सहायता सेवाओं के संबंध में जागरूक करने में सोशल मीडिया महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल अपराधों की रोकथाम, साइबर अपराधों से बचाव तथा युवाओं को जागरूक करने से संबंधित सकारात्मक संदेशों को सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए।
साइबर अपराध और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने की अपील
बैठक में साइबर अपराध से बचाव के विषय पर भी विशेष चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक ने सोशल मीडिया क्रिएटर्स से अपील की कि वे ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, साइबर फ्रॉड, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, ओटीपी एवं बैंकिंग संबंधी धोखाधड़ी आदि से बचाव के उपायों को सरल भाषा में आमजन तक पहुंचाने में सहयोग करें।
इसके साथ ही यातायात नियमों के पालन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग, सड़क सुरक्षा, नशे के दुष्प्रभाव तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े विषयों पर भी जागरूकता संदेश प्रसारित करने का आग्रह किया गया।
अफवाह एवं भ्रामक सूचनाओं के प्रसार से बचने की अपील
पुलिस अधीक्षक महोदया ने सोशल मीडिया के जिम्मेदार एवं सावधानीपूर्वक उपयोग पर विशेष जोर देते हुए कहा कि किसी भी घटना अथवा संवेदनशील विषय से संबंधित जानकारी सोशल मीडिया पर प्रसारित करने से पहले उसकी तथ्यात्मकता एवं विश्वसनीयता की जांच अवश्य कर ली जाए।
उन्होंने कहा कि अपुष्ट सूचना, अफवाह अथवा भ्रामक सामग्री के प्रसार से समाज में भ्रम एवं अनावश्यक तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इसलिए सोशल मीडिया पर कोई भी सामग्री साझा करते समय उसकी सत्यता की पुष्टि करना आवश्यक है।
उन्होंने सोशल मीडिया इनफ्लुएन्सर्स एवं कंटेन्ट क्रीएटर्स से अपील की कि वे अपनी पहुंच और प्रभाव का उपयोग समाज में सकारात्मक सोच, आपसी सौहार्द, भाईचारा, कानून के प्रति सम्मान और जनजागरूकता बढ़ाने के लिए करें।
पुलिस एवं सोशल मीडिया के बीच बेहतर समन्वय पर जोर
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक महोदया ने सोशल मीडिया इनफ्लुएन्सर्स एवं कंटेन्ट क्रीएटर्स के सुझावों को भी गंभीरता से सुना। जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए पुलिस एवं सोशल मीडिया के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियानों, महिला सुरक्षा अभियानों, साइबर अपराध जागरूकता कार्यक्रमों, यातायात जागरूकता अभियानों एवं अन्य जनहितकारी गतिविधियों की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक प्रभावी तरीके से आमजन तक पहुंचाई जा सकती है।
बैठक का उद्देश्य पुलिस और सोशल मीडिया से जुड़े लोगों के बीच आपसी संवाद को मजबूत करना तथा सोशल मीडिया की सकारात्मक शक्ति का उपयोग सुरक्षित, जागरूक एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण के लिए करना रहा। पुलिस अधीक्षक महोदया ने सभी सोशल मीडिया इनफ्लुएन्सर्स एवं कंटेन्ट क्रीएटर्स से जनहित में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।