कानपुर देहात | संवाददाता
कानपुर देहात पुलिस विभाग में अधिवर्षता आयु पूर्ण करने पर 30 जून 2026 को तीन पुलिसकर्मी सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्त हुए। इस अवसर पर पुलिस लाइन स्थित सभागार में आयोजित विदाई समारोह में अधिकारियों ने उनके लंबे और सराहनीय सेवाकाल की प्रशंसा करते हुए उज्ज्वल भविष्य एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।
सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों में मुख्य उपनिरीक्षक उमा कुशवाहा (सदर मालखाना), रेडियो उपनिरीक्षक शिव सहाय मिश्र (जिला नियंत्रण कक्ष) तथा मुख्य आरक्षी चालक आत्मप्रकाश (सम्बद्ध जोनल कार्यालय) शामिल रहे।
समारोह में प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन प्रेमचन्द्र शुक्ला ने सभी सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को पुष्पमाला, प्रशस्ति पत्र, अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने उनके स्वस्थ, सुखद एवं खुशहाल जीवन की कामना करते हुए पुलिस विभाग में दी गई सेवाओं के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर रेडियो निरीक्षक राजकिशोर, उपनिरीक्षक परिवहन अनिल कुमार शर्मा, अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के परिजन भी उपस्थित रहे। समारोह भावनात्मक माहौल में संपन्न हुआ, जहां सभी ने सेवानिवृत्त कर्मियों के योगदान को सराहा और उनके आगामी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।