संवाददाता
कानपुर देहात
जनपद कानपुर देहात में अधिवर्षता आयु पूर्ण कर पुलिस सेवा से सेवानिवृत्त हुए पुलिसकर्मियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इस अवसर पर पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में सेवानिवृत्त कर्मियों को पुष्प-माला, प्रशस्ति पत्र, अंग वस्त्र एवं उपहार भेंट कर उनके स्वस्थ एवं सुखमय जीवन की कामना की गई।
दिनांक 28 फरवरी 2026 को जनपद में तैनात उपनिरीक्षक जितेन्द्र कुमार सिंह (रेडियो शाखा), उपनिरीक्षक जनमेद सिंह (पुलिस लाइन) तथा मुख्य आरक्षी रमाकान्त (पुलिस लाइन) अधिवर्षता आयु पूर्ण करने के उपरांत पुलिस सेवा से सेवानिवृत्त हुए।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी यातायात राजीव सिरोही ने सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, अच्छे स्वास्थ्य एवं खुशहाल जीवन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इन कर्मियों ने अपने कार्यकाल के दौरान ईमानदारी, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ पुलिस विभाग की सेवा की है, जो अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण तथा सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के परिजन भी उपस्थित रहे।