मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 65 जोड़ों का विवाह सम्पन्न कैबिनेट मंत्री व जनप्रतिनिधियों ने वर-वधू को दिया आशीर्वाद

संवाददाता
कानपुर देहात

समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जनपद कानपुर देहात में दिनांक 28 फरवरी 2026 को कुल 65 जोड़ों का सामूहिक विवाह रामस्वरूप ग्रामोद्योग इंटर कॉलेज ग्राउंड, पुखरायां में सम्पन्न कराया गया।

इस आयोजन में नगर निकाय पुखरायां के 05, विकास खंड मलासा के 41, अमरौधा के 10 तथा सरवनखेड़ा के 09 जोड़े सम्मिलित हुए। सभी जोड़ों का विवाह गायत्री परिवार के पुरोहितों द्वारा हिन्दू रीति-रिवाज के अनुसार विधि-विधान से सम्पन्न कराया गया।

कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिससे विवाह समारोह का माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में राकेश सचान, कैबिनेट मंत्री (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग, उत्तर प्रदेश) उपस्थित रहे। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद दाम्पत्य जीवन की कामना की। कार्यक्रम में पूर्व विधायक विनोद कटियार, करुणाशंकर दिवाकर (प्रतिनिधि, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद पुखरायां) तथा विनोद निषाद (प्रतिनिधि, अध्यक्ष नगर पंचायत मूसानगर) सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी वर-वधू को आशीर्वाद प्रदान किया।

यह कार्यक्रम जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल के निर्देशन में तथा अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) के पर्यवेक्षण में सम्पन्न कराया गया।

कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी भोगनीपुर, जिला विकास अधिकारी तथा संबंधित खंड विकास अधिकारी और नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *