सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न, जिलाधिकारी ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश बिना नम्बर प्लेट व ओवरलोड वाहनों पर होगी सख्त कार्रवाई

संवाददाता
कानपुर देहात

जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार, कलेक्ट्रेट में सम्पन्न हुई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, ट्रैफिक प्रबंधन, सड़क अवरोध हटाने, सुरक्षा संकेतक लगाने, आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता, ब्लैक स्पॉट सुधार एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि हाईवे किनारे किए गए अवैध अतिक्रमणों को अभियान चलाकर हटाया जाए, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। उन्होंने अवैध टैक्सी स्टैंड और बस स्टैंड के खिलाफ संयुक्त टीम बनाकर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रमुख मार्गों, चौराहों एवं स्कूलों के आसपास रंबल स्ट्रिप, स्पीड ब्रेकर और रिफ्लेक्टर युक्त साइनेज बोर्ड लगाए जाएं, ताकि विशेष रूप से रात्रि के समय होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके। साथ ही ब्लैक स्पॉट वाले स्थानों की पहचान कर वहां सुधार कार्य तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश दिए।

परिवहन विभाग को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि बिना नम्बर प्लेट, ओवरलोड एवं गलत दिशा में चलने वाले वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही हेलमेट एवं सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराया जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रभावी चालान की कार्रवाई की जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद में संचालित सभी स्कूली वाहनों की फिटनेस जांच अनिवार्य रूप से कराई जाए। जो वाहन फिटनेस मानकों को पूरा नहीं करते हैं, उन्हें तत्काल प्रभाव से संचालन से बाहर किया जाए। जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा विभाग को स्कूलों में चलने वाले निजी वाहनों की सूची परिवहन विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी ने रोडवेज बसों की फिटनेस जांच कराने और बस चालकों के लिए मेडिकल कैम्प आयोजित करने के निर्देश दिए। बैठक में अवगत कराया गया कि बारा से कालपी हाईवे पर सड़क मरम्मत का कार्य प्रगति पर है, जिसे जल्द पूर्ण करने के निर्देश जिलाधिकारी द्वारा दिए गए।

उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही गोल्डन ऑवर के भीतर राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किया जाए, ताकि घायलों को समय पर उपचार मिल सके।

जिलाधिकारी ने सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत स्कूलों, कॉलेजों एवं ग्राम पंचायत स्तर पर सड़क सुरक्षा शपथ, रैली, पोस्टर प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक तथा प्रचार वाहनों के माध्यम से जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों—लोक निर्माण विभाग, पुलिस, परिवहन, स्वास्थ्य, शिक्षा, नगर निकाय एवं ऊर्जा विभाग—को आपसी समन्वय स्थापित कर सड़क सुरक्षा के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए सभी विभागों को ठोस कार्ययोजना बनाकर त्वरित क्रियान्वयन करना होगा।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दुष्यंत कुमार मौर्य, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, संभागीय परिवहन अधिकारी, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *