कानपुर देहात | संवाददाता
जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशन एवं परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में जनपद कानपुर देहात में संचालित ‘सेफ फ्यूचर अभियान’ के तहत परिवहन विभाग द्वारा स्कूल वाहनों के विरुद्ध विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य विद्यालयी वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा विद्यार्थियों के सुरक्षित आवागमन को बढ़ावा देना है।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने बताया कि 06 जुलाई 2026 को अभियान के दौरान विभिन्न विद्यालयों के वाहनों की सघन जांच की गई। जांच में निर्धारित मानकों एवं यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 6 विद्यालयी वाहनों का चालान किया गया।
उन्होंने बताया कि यह विशेष अभियान 15 जुलाई 2026 तक लगातार जारी रहेगा। अभियान के दौरान वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र, वैध ड्राइविंग लाइसेंस सहित सभी आवश्यक दस्तावेजों तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों की गहन जांच की जा रही है।
परिवहन विभाग ने जनपद के सभी विद्यालय प्रबंधकों से अपील की है कि विद्यालयों में संचालित सभी वाहनों के आवश्यक अभिलेख एवं प्रपत्र अद्यतन रखें तथा नियमों के अनुरूप ही उनका संचालन सुनिश्चित करें। विभाग ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नियमों की अनदेखी करने वाले विद्यालयी वाहनों के विरुद्ध आगे भी सख्त प्रवर्तन कार्रवाई जारी रहेगी।
साथ ही विद्यालय संचालकों एवं वाहन स्वामियों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित एवं मानक अनुरूप विद्यालयी परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।