कानपुर देहात | संवाददाता
मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत 06 जुलाई 2026 को पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में महिला सुरक्षा एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान थाना पुलिस की टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा सरकारी सहायता सेवाओं के बारे में जागरूक किया।
अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण, कानूनी अधिकारों तथा अपराधों से बचाव के प्रभावी उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही महिला हेल्पलाइन-181, महिला शक्ति लाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, आपातकालीन सेवा-112 एवं पुलिस कंट्रोल रूम-1076 सहित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर आवश्यकता पड़ने पर उनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस टीमों ने UPCOP ऐप के माध्यम से उपलब्ध पुलिस सेवाओं की जानकारी भी दी तथा सोशल मीडिया पर होने वाले साइबर अपराधों, जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
इस अवसर पर महिलाओं को पॉक्सो (POCSO) अधिनियम, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत प्राप्त कानूनी अधिकारों की भी जानकारी दी गई।
कानपुर देहात पुलिस ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य महिलाओं को जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनाना तथा अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति को प्रभावी ढंग से लागू करना है।
पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में बिना संकोच निकटतम पुलिस थाने अथवा संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर तत्काल संपर्क करें, ताकि समय रहते आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।