अवैध खनन, परिवहन एवं ओवरलोडिंग के विरुद्ध चलाया गया विशेष अभियान, 9 वाहनों पर हुई कार्रवाई

संवाददाता, कानपुर देहात

जनपद कानपुर देहात में उपखनिज के अवैध खनन, अवैध परिवहन एवं ओवरलोडिंग के विरुद्ध निदेशक, भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग तथा जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशन में विशेष अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है।

इसी क्रम में दिनांक 23 जून 2026 की अपराह्न से 24 जून 2026 तक निदेशालय, लखनऊ की टीम एवं खान अधिकारी कानपुर देहात सुभाष सिंह द्वारा कानपुर-झांसी राजमार्ग पर संयुक्त रूप से सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कुल 150 वाहनों की जांच की गई।

जांच के दौरान बिना वैध परिवहन प्रपत्र (एमएम-11/ई-रवन्ना आदि) के मौरम का परिवहन करते पाए गए 9 वाहनों के विरुद्ध तत्काल ऑनलाइन चालान की कार्रवाई की गई। संबंधित वाहनों पर कुल ₹5,20,740 (पांच लाख बीस हजार सात सौ चालीस रुपये) का जुर्माना अधिरोपित किया गया, जिसे मौके पर ही राजकोष में जमा कराया गया।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में उपखनिज के अवैध खनन, अवैध परिवहन एवं ओवरलोडिंग के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है कि नियमित निगरानी एवं प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे राजस्व हानि को रोका जा सके तथा खनन नियमों का कड़ाई से अनुपालन कराया जा सके। प्रशासन ने दोहराया कि अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की नीति आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *