कानपुर देहात | संवाददाता
सहकार भारती की जिला बैठक का आयोजन जनपद में संपन्न हुआ। बैठक में संगठन के विस्तार, सहकारिता के माध्यम से समाज सेवा, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. अशोक अग्रवाल ने कहा कि सहकारिता केवल आर्थिक गतिविधि नहीं, बल्कि समाज को आत्मनिर्भर और संगठित बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव तक संगठन को मजबूत करने और सहकारिता के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का आह्वान किया।
सहकार भारती के राष्ट्रीय मंत्री विनोद तिवारी ने कहा कि संगठन का उद्देश्य सहकारिता की भावना को जन-जन तक पहुंचाना तथा युवाओं और किसानों को इससे जोड़ना है। उन्होंने कहा कि सहकारिता के माध्यम से रोजगार सृजन, ग्रामीण विकास और सामाजिक समरसता को बढ़ावा दिया जा सकता है।
बैठक में वक्ताओं ने संगठन के सेवा कार्यों, सदस्यता अभियान, प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा आगामी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। पदाधिकारियों ने संगठन को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिला एवं प्रदेश स्तर के पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंत में संगठन के विस्तार और समाजहित के कार्यों को गति देने का संकल्प लिया गया।