कानपुर देहात।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, कानपुर देहात में 15 अप्रैल 2026 को सर्वाइकल कैंसर एवं तम्बाकू/धूम्रपान के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती नुपुर श्रीवास्तव तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. सिंह ने की। कार्यक्रम का संचालन उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं एनसीडी नोडल अधिकारी डॉ. डी.के. सिंह द्वारा किया गया।
कार्यशाला में विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर तम्बाकू एवं धूम्रपान से होने वाले दुष्प्रभावों, बचाव एवं रोकथाम के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही ओरल कैंसर, ब्रेस्ट कैंसर एवं सर्वाइकल कैंसर जैसे गंभीर रोगों के प्रति उपस्थित लोगों को जागरूक किया गया।
एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. यतेन्द्र शर्मा ने तम्बाकू सेवन से दूर रहने, मानसिक तनाव से बचाव एवं संतुलित आहार अपनाने पर जोर दिया। इस दौरान राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत कोटपा अधिनियम 2003 एवं पेक्टा अधिनियम 2019 की जानकारी भी दी गई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. सिंह ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह देते हुए नियमित व्यायाम, योग, पर्याप्त नींद एवं संतुलित आहार के महत्व पर प्रकाश डाला। साथ ही मानसिक स्वास्थ्य के लिए टेली-मानस हेल्पलाइन नंबर 14416 एवं 1800-891-4416 की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में जिला कुष्ठ रोग अधिकारी डॉ. शलभ मोहन, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आशीष बाजपेई, उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आदित्य सचान सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।