कानपुर देहात।
जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल की उपस्थिति में विकास भवन में “ज्ञान भारतम मिशन” के अंतर्गत राष्ट्रीय पांडुलिपि सर्वेक्षण अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने अभियान के उद्देश्यों पर विस्तार से चर्चा करते हुए जनपद में प्राचीन पांडुलिपियों, ताड़पत्रों एवं दुर्लभ ग्रंथों के चिन्हांकन, संरक्षण, सूचीकरण एवं डिजिटलीकरण की प्रक्रिया को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकारी एवं निजी संस्थानों, प्राचीन मंदिरों, ऐतिहासिक स्थलों तथा व्यक्तिगत संग्रहकर्ताओं से समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक पांडुलिपियों का सर्वेक्षण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि “ज्ञान भारतम मिशन” देश की समृद्ध सांस्कृतिक एवं बौद्धिक विरासत के संरक्षण का एक महत्वपूर्ण अभियान है, जिसके सफल क्रियान्वयन में सभी विभागों की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है।
मुख्य विकास अधिकारी ने भी अभियान के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और प्रगति की नियमित समीक्षा पर जोर दिया।
बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक बृजभूषण चौधरी, अपर जिला विद्यालय निरीक्षक, संस्कृत विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्रधानाचार्य, अधिशासी अधिकारी अकबरपुर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।