सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सुनीं जनसमस्याएं, मौके पर मिला त्वरित समाधान खतौनी में नाम त्रुटि का तत्काल सुधार, फरियादियों को मिली राहत

संवाददाता | उरई/जालौन

तहसील उरई तहसील सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना।

जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को त्वरित राहत मिल सके।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 41 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 12 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर फरियादियों को तत्काल राहत प्रदान की गई। शेष मामलों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई के दौरान ग्राम रंगोली निवासी कमलेश एवं मुलुपुरा निवासी श्रीराम ने खतौनी में नाम त्रुटिपूर्ण दर्ज होने की शिकायत प्रस्तुत की। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल नाम संशोधन की कार्रवाई कराई और स्वयं संशोधित खतौनी दोनों फरियादियों को सौंपी। त्वरित कार्रवाई से फरियादियों ने संतोष व्यक्त किया।

समाधान दिवस के उपरांत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने क्षय रोगियों को पोषण पोटली वितरित कर उनके बेहतर स्वास्थ्य की कामना की। इसके बाद उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग एवं समाज कल्याण विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया।

अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, उप जिलाधिकारी ज्योति सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीरेंद्र सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *