संवाददाता | कानपुर देहात
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी नेहा सिंह ने बताया कि पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा अन्य पिछड़ा वर्ग के बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगारपरक कंप्यूटर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ओ-लेवल एवं सीसीसी प्रशिक्षण योजना संचालित की जा रही है।
योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में भारत सरकार की संस्था राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (NIELIT) से मान्यता प्राप्त संस्थाओं के माध्यम से प्रशिक्षण प्रदान कराया जाएगा।
इस योजना का लाभ ऐसे बेरोजगार युवक-युवतियों को मिलेगा, जिन्होंने न्यूनतम इंटरमीडिएट उत्तीर्ण किया हो तथा जिनके माता-पिता अथवा अभिभावकों की वार्षिक आय सभी स्रोतों से एक लाख रुपये तक हो।
प्रशिक्षण प्रदान करने की इच्छुक संस्थाएं 20 मई 2026 से 3 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगी, जबकि प्रशिक्षण प्राप्त करने के इच्छुक अभ्यर्थी 16 जून 2026 से 10 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकेंगे।
योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी, पात्रता, समय-सारिणी एवं आवेदन प्रक्रिया विभागीय वेबसाइटों पर उपलब्ध है:
ऑनलाइन आवेदन के बाद प्रशिक्षणदायी संस्थाओं को आवेदन पत्र की हस्ताक्षरित हार्डकॉपी आवश्यक दस्तावेजों सहित 3 जून 2026 सायं 5 बजे तक तथा अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र की हार्डकॉपी आवश्यक संलग्नकों सहित 10 जुलाई 2026 सायं 5 बजे तक जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय, कानपुर देहात में जमा करनी होगी।
विभाग के अनुसार संस्थाओं का चयन निदेशक, पिछड़ा वर्ग कल्याण की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा तथा अभ्यर्थियों का चयन जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जनपदीय समिति द्वारा किया जाएगा।