समाधान समारोह-2026 के तहत 21 से 23 अगस्त तक आयोजित होगी विशेष लोक अदालत

कानपुर देहात | संवाददाता

सर्वोच्च न्यायालय में लंबित वादों के सुलह-समझौते के माध्यम से त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से माननीय मुख्य न्यायाधीश, सर्वोच्च न्यायालय, नई दिल्ली के निर्देशन में ‘समाधान समारोह-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का शुभारंभ 21 अप्रैल 2026 को हुआ था, जिसका समापन 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाली विशेष लोक अदालत के साथ होगा।

विशेष लोक अदालत में ऐसे मामलों को शामिल किया जाएगा, जिनका निस्तारण पक्षकारों की पारस्परिक सहमति एवं आपसी समझौते के आधार पर संभव है। इस पहल का उद्देश्य लंबित मामलों का शीघ्र, सरल एवं सौहार्दपूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है।

जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानपुर देहात के अध्यक्ष रविन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव नूपुर श्रीवास्तव द्वारा समाधान समारोह-2026 के व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का अभियान चलाया जा रहा है।

पक्षकारों के मध्य आपसी सुलह को बढ़ावा देने के लिए विधिक सेवा प्राधिकरणों एवं समितियों के मध्यस्थता केंद्रों पर प्रशिक्षित मध्यस्थों एवं अधिकारियों के निर्देशन में सुलह वार्ताएं आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में पक्षकार व्यक्तिगत रूप से अथवा वर्चुअल माध्यम से भी शामिल हो सकेंगे।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानपुर देहात ने जनपद के सभी वादकारियों से अपील की है कि वे अपने मामलों को विशेष लोक अदालत में शामिल कराकर आपसी समझौते के माध्यम से शीघ्र एवं सौहार्दपूर्ण निस्तारण का लाभ उठाएं।

इच्छुक वादकारी जनपद न्यायालय, कानपुर देहात की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय के दूरभाष 05111-299253 पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *