सफाई कर्मी अशोक कुमार को तीन दिवस में स्पष्टीकरण देने के निर्देश

कानपुर देहात, 19 अगस्त 2026। जिला पंचायत राज अधिकारी, कानपुर देहात विकास पटेल ने बताया कि विकास खण्ड अमरौधा की ग्राम पंचायत/राजस्व ग्राम कमलपुर में तैनात सफाई कर्मी अशोक कुमार दिसंबर 2024 से जून 2026 तक लगातार बिना किसी सूचना अथवा स्वीकृत अवकाश के अपने कार्यस्थल से अनुपस्थित पाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि अशोक कुमार की लगातार अनुपस्थिति के संबंध में कार्यालय पत्र संख्या-1484, दिनांक 26 मई 2026 के माध्यम से कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद संबंधित कर्मचारी द्वारा आज तक न तो कोई उत्तर अथवा स्पष्टीकरण प्रस्तुत किया गया और न ही अपने तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण किया गया।

जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि संबंधित सफाई कर्मी से दूरभाष के माध्यम से संपर्क स्थापित करने का भी प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। लगातार अनुपस्थित रहने तथा उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना किए जाने के कारण उनका यह कृत्य शासकीय सेवा नियमावली के विपरीत माना गया है।

इस संबंध में अशोक कुमार को पुनः निर्देशित किया गया है कि वे तीन दिवस के भीतर अपनी तैनाती वाले राजस्व ग्राम/ग्राम पंचायत में योगदान करें तथा अनुपस्थिति अवधि के संबंध में सुसंगत साक्ष्यों सहित अपना लिखित स्पष्टीकरण संबंधित सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) के माध्यम से कार्यालय जिला पंचायत राज अधिकारी, कानपुर देहात में प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें।

निर्धारित अवधि के भीतर उपस्थित होकर स्पष्टीकरण प्रस्तुत न किए जाने की स्थिति में संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध बिना किसी अतिरिक्त नोटिस के सेवा नियमों के अंतर्गत बर्खास्तगी/सेवा समाप्ति की कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में समस्त जिम्मेदारी संबंधित कर्मचारी की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *