सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता: ब्लैक स्पॉट्स पर लगाए जा रहे चेतावनी एवं जागरूकता साइन बोर्ड

कानपुर देहात | संवाददाता

जनपद में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक, कानपुर देहात के निर्देशन में यातायात पुलिस द्वारा विशेष सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट्स) पर चेतावनी एवं जागरूकता संबंधी साइन बोर्ड लगाए जा रहे हैं।

प्रभारी निरीक्षक यातायात के नेतृत्व में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (रायपुर से मेंहटोली तक) तथा राष्ट्रीय राजमार्ग-27 (बारा जोड़ से कालपी तक) के दुर्घटना संभावित स्थलों पर ये साइन बोर्ड स्थापित किए जा रहे हैं। इनमें चौरा बाजार, पटेल चौक, मावर मजार, छतैनी, खोजाफूल, मुडादेव, मदनपुर, जैनपुर, माती तिराहा, लालपुर, आरटीओ कार्यालय, नबीपुर, गौरियापुर, बारा जोड़ टोल और रेड चीफ रनियां सहित अन्य प्रमुख ब्लैक स्पॉट शामिल हैं।

यातायात पुलिस के अनुसार इन चेतावनी बोर्डों के माध्यम से वाहन चालकों को दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पूर्व जानकारी मिलेगी। इससे चालक निर्धारित गति सीमा का पालन करते हुए अधिक सतर्कता और सावधानी से वाहन चला सकेंगे, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी आने की उम्मीद है।

कानपुर देहात पुलिस ने सभी वाहन चालकों और जनपदवासियों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। पुलिस ने सुरक्षित एवं जिम्मेदार यातायात व्यवस्था बनाए रखने में आमजन से सहयोग की भी अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *