मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला सुरक्षा और कानूनी अधिकारों को लेकर चलाया गया जागरूकता अभियान

कानपुर देहात | संवाददाता

मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत 30 जून 2026 को पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण और कानूनी अधिकारों को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान बाजारों, सार्वजनिक स्थलों तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। पुलिस टीमों ने उन्हें अपराधों से बचाव के उपायों, कानूनी अधिकारों और आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया से अवगत कराया।

इस दौरान महिलाओं को 181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा) तथा अन्य आवश्यक हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। साथ ही UPCOP ऐप के माध्यम से उपलब्ध पुलिस सेवाओं के उपयोग के बारे में भी जागरूक किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने सोशल मीडिया और इंटरनेट पर होने वाले साइबर अपराधों, जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के व्यावहारिक उपाय भी बताए। इसके अलावा महिलाओं एवं बालिकाओं को पॉक्सो (POCSO) अधिनियम, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत उपलब्ध कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई।

पुलिस विभाग ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति को प्रभावी बनाना है।

कानपुर देहात पुलिस ने सभी महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में तत्काल निकटतम पुलिस थाने अथवा संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें, ताकि समय रहते आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *