उरई/जालौन। श्रावण मास के तृतीय सोमवार के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं मंदिर परिसर में सुचारु व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक जालौन द्वारा थाना चुर्खी क्षेत्र के ग्राम औंता स्थित कारे बाबा मंदिर परिसर का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण कर श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती तथा सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया।
उन्होंने मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी लेते हुए उन्हें पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए भीड़ को व्यवस्थित रखने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न होने देने के निर्देश दिए गए।
अपर पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों को संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सदैव तैयार रहने को कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं के साथ शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार किया जाए और किसी भी सूचना पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
श्रावण मास के दृष्टिगत जालौन पुलिस द्वारा प्रमुख धार्मिक स्थलों एवं मंदिरों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती कर सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में दर्शन-पूजन कर सकें।