कानपुर देहात। श्रावण मास के तृतीय सोमवार के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय द्वारा थाना रूरा क्षेत्रांतर्गत ग्राम बनीपारा स्थित बाणेश्वर मंदिर का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक महोदया ने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, यातायात व्यवस्था तथा पुलिस बल की तैनाती का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सुरक्षा व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की सतर्कता एवं मुस्तैदी को परखा।
पुलिस अधीक्षक ने संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। मंदिर परिसर में भीड़ को व्यवस्थित रखने, श्रद्धालुओं के आवागमन को सुचारु बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न होने देने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सदैव तैयार रहने एवं आवश्यकता पड़ने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
श्रावण मास के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा श्रद्धालुओं के साथ सहयोगात्मक एवं शालीन व्यवहार करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी अकबरपुर श्री संजय कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कानपुर देहात पुलिस द्वारा श्रावण मास के दृष्टिगत प्रमुख धार्मिक स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में दर्शन-पूजन कर सकें।