शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान, 53 वाहनों के चालान, 2 सीज

संवाददाता, कानपुर देहात

श्रीमान अपर पुलिस महानिदेशक यातायात, उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देशों एवं पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रीमती श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के कुशल निर्देशन में जनपद में सुरक्षित यातायात व्यवस्था एवं सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण हेतु विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों, विशेष रूप से शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई।

इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी यातायात, क्षेत्राधिकारी रसूलाबाद तथा क्षेत्राधिकारी डेरापुर द्वारा पुलिस बल के साथ दिनांक 16 मई 2026 को रात्रि 08:00 बजे से 11:00 बजे तक अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान संदिग्ध वाहनों को रोककर ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से वाहन चालकों की जांच की गई।

अभियान के दौरान की गई कार्रवाई

  • कुल 1037 वाहनों की जांच की गई।
  • 53 वाहनों का चालान किया गया।
  • 02 वाहनों को सीज किया गया।

चेकिंग के दौरान नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) की संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

पुलिस अधीक्षक महोदया ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा भविष्य में भी ऐसे आकस्मिक अभियान लगातार जारी रहेंगे।

जनपद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं एवं दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा यातायात नियमों का सदैव पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *