शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान, 280 वाहनों पर कार्रवाई यातायात एवं थाना पुलिस की संयुक्त चेकिंग में नियम उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई, सड़क सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक

संवाददाता | कानपुर देहात

अपर पुलिस महानिदेशक यातायात, उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देशों एवं पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के कुशल निर्देशन में जनपद में सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से विशेष यातायात चेकिंग अभियान चलाया गया।

अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों, मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर, फाल्टी नम्बर प्लेट तथा विशेष रूप से शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई।

दिनांक 07 जून 2026 को रात्रि 08:00 बजे से 11:00 बजे तक क्षेत्राधिकारीगण के नेतृत्व में यातायात एवं थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध वाहनों को रोककर उनके साइलेंसर, हॉर्न एवं नम्बर प्लेट की जांच की गई तथा ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से वाहन चालकों की शराब सेवन की स्थिति की भी जांच की गई।

अभियान की प्रमुख कार्रवाई

  • कुल चालान किए गए वाहन: 280
  • कुल शमन शुल्क: ₹61,60,000 (इकसठ लाख साठ हजार रुपये)

चेकिंग के दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर, फाल्टी नम्बर प्लेट तथा नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) की संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं है और भविष्य में भी ऐसे आकस्मिक अभियान लगातार चलाए जाएंगे। उन्होंने आमजन से अपील की कि स्वयं एवं अन्य लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कभी भी नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा यातायात नियमों का पूरी जिम्मेदारी के साथ पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *