विश्व युवा कौशल दिवस पर आईटीआई उरई में कौशल प्रदर्शनी का आयोजन, उत्कृष्ट प्रशिक्षार्थी हुए सम्मानित

संवाददाता | उरई/जालौन

विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर 15 जुलाई 2026 को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), उरई एवं उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन, जालौन के संयुक्त तत्वावधान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद आईटीआई की छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया। संस्थान के प्रधानाचार्य मान सिंह भारती ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

इस अवसर पर जनपद के विभिन्न राजकीय आईटीआई संस्थानों के प्रशिक्षार्थियों द्वारा तैयार किए गए मॉडल एवं प्रोजेक्ट्स की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में टर्नर, फिटर, मशीनिस्ट, इलेक्ट्रिशियन, पेंटर जनरल, फैशन डिजाइन एवं सिलाई तकनीक सहित विभिन्न व्यवसायों के प्रशिक्षार्थियों की उत्कृष्ट कृतियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। टाटा टेक्नोलॉजी द्वारा संचालित ट्रेडों के विद्यार्थियों ने लेजर कटिंग एवं थ्री-डी प्रिंटर से तैयार मॉडल, प्रतिमाएं, नेम प्लेट, गियर्स, डाई, शिवलिंग और ताजमहल सहित कई नवाचार प्रस्तुत किए।

मुख्य अतिथि डॉ. घनश्याम अनुरागी ने कहा कि कौशल विकास आज के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की सबसे प्रभावी पहल है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्किल इंडिया’ अभियान तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल प्रमाणपत्र वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को उनके कौशल के आधार पर पहचान, सम्मान और रोजगार के अवसर प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रशिक्षण प्रदाताओं, उद्योग प्रतिनिधियों तथा प्रशिक्षार्थियों को सम्मानित किया गया। दीनदयाल ग्रामीण कौशल योजना एवं आईटीआई के माध्यम से रोजगार प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को लेटर ऑफ इंटेंट (एलओआई) प्रदान किए गए। वहीं स्वरोजगार एवं रोजगार प्राप्त कर चुके युवाओं को ‘कौशल यूथ आइकन’ के रूप में प्रशस्ति-पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा अखिल भारतीय व्यवसायिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षार्थियों एवं अप्रेंटिसशिप के लिए चयनित विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्य मान सिंह भारती ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का स्मृति चिन्ह एवं पौधा भेंट कर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों, प्रशिक्षकों, कौशल विकास मिशन के अधिकारियों एवं संस्थान के समस्त स्टाफ का धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *