विश्व जूनोटिक दिवस पर रैबीज से बचाव को लेकर जनजागरूकता पर जोर, टीकाकरण ही सबसे प्रभावी सुरक्षा : मुख्य चिकित्सा अधिकारी

उरई/जालौन।
विश्व जूनोटिक दिवस के अवसर पर 06 जुलाई 2026 को मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में अंतर्विभागीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में पशुओं से मनुष्यों में फैलने वाली बीमारियों, विशेष रूप से रैबीज, की रोकथाम एवं जनजागरूकता पर विस्तार से चर्चा की गई।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि रैबीज एक घातक संक्रामक बीमारी है, जो संक्रमित कुत्ते, बिल्ली, बंदर, घोड़े आदि के काटने, खरोंचने या उनकी लार के संपर्क में आने से फैलती है। उन्होंने कहा कि यदि रैबीज का संक्रमण हो जाए तो यह जानलेवा साबित हो सकता है, इसलिए समय पर वैक्सीनेशन ही इसका सबसे प्रभावी बचाव है।

उन्होंने बताया कि यदि किसी व्यक्ति को कुत्ता, बिल्ली, बंदर, घोड़ा या अन्य संदिग्ध जानवर काट ले या खरोंच दे, तो सबसे पहले घाव को बहते साफ पानी और साबुन से कम से कम 15 मिनट तक अच्छी तरह धोएं तथा तुरंत निकटतम सरकारी चिकित्सालय पहुंचकर एंटी रैबीज वैक्सीन अवश्य लगवाएं। किसी प्रकार की झाड़-फूंक, घरेलू उपचार, घाव पर मिर्च पाउडर, तेल लगाने अथवा पट्टी बांधने जैसी गलतियों से बचें।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने पालतू कुत्तों का समय-समय पर टीकाकरण कराएं तथा उन्हें आवारा कुत्तों के संपर्क में न आने दें। यदि किसी क्षेत्र में आवारा कुत्तों, बिल्लियों, बंदरों अथवा अन्य जंगली जानवरों की संख्या अधिक हो तो इसकी सूचना नगर पालिका अथवा नगर पंचायत को दें।

उन्होंने बताया कि जनपद की सभी सरकारी चिकित्सा इकाइयों पर रैबीज की वैक्सीन उपलब्ध है तथा प्रशिक्षित चिकित्सकों, फार्मासिस्टों एवं स्टाफ नर्सों द्वारा नियमित रूप से टीकाकरण किया जाता है। उन्होंने जानकारी दी कि जनवरी 2026 से जून 2026 तक जनपद में 18,777 लोगों को कुत्ते, बिल्ली, बंदर आदि के काटने के बाद मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पर रैबीज से बचाव के टीके लगाए गए।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि सभी सरकारी चिकित्सा इकाइयों में प्रतिदिन रैबीज से बचाव हेतु टीकाकरण किया जाता है। साथ ही प्रशिक्षित चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ द्वारा लोगों को पशुओं के काटने के बाद बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों की भी जानकारी दी जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *