दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए जुलाई में चार स्थानों पर निःशुल्क शिविर, सहायक उपकरणों का मिलेगा लाभ

कानपुर देहात।
जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशों के क्रम में तथा भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) के सहयोग से जनपद के दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जुलाई माह में चार स्थानों पर निःशुल्क दिव्यांग चिन्हांकन, पंजीकरण, परीक्षण एवं सहायक उपकरण वितरण शिविर आयोजित किए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने बताया कि माननीय कैबिनेट मंत्री (खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग), उत्तर प्रदेश सरकार के विधानसभा क्षेत्र भोगनीपुर में एडिप योजना एवं राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत शिविर आयोजित किए जाने की स्वीकृति प्राप्त होने के बाद शिविरों की तिथि एवं स्थान निर्धारित किए गए हैं।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शिविरों का आयोजन इस प्रकार किया जाएगा—

  • 13 जुलाई 2026 – नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, बरौर (मलासा)
  • 15 जुलाई 2026 – मिलन केन्द्र, शाहजहाँपुर सट्टी (अमरौधा)
  • 17 जुलाई 2026नगर पंचायत कार्यालय, मूसानगर
  • 22 जुलाई 2026नगर पालिका परिषद, पुखरायाँ

सभी शिविरों का आयोजन प्रातः 10:30 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शिविरों के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं। प्रत्येक शिविर के लिए नोडल अधिकारी नामित करते हुए दिव्यांगजनों के चिन्हांकन, पंजीकरण एवं चिकित्सकीय परीक्षण की समुचित व्यवस्था की जाए, ताकि पात्र दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिक विभिन्न सहायक उपकरणों का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकें।

जिला प्रशासन ने जनपद के सभी पात्र दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर आयोजित शिविरों में पहुंचकर सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *