कानपुर देहात | संवाददाता
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रण विजय सिंह ने जिला कारागार, कानपुर देहात में निरुद्ध एक विचाराधीन बंदी की मृत्यु के मामले में न्यायिक जांच के आदेश जारी किए हैं। इस संबंध में अपर सिविल जज (सीनियर डिवीजन) कोर्ट संख्या-2/अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट विवेक चौधरी को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।
जिला कारागार प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, विचाराधीन बंदी सुरेश उर्फ ठाकुर (58), पुत्र रामदास, निवासी टिकवापुर, थाना सजेती, जनपद कानपुर नगर की उपचार के दौरान 22 मई 2026 को रात लगभग 10:11 बजे एलएलआर चिकित्सालय, कानपुर नगर में मृत्यु हो गई थी।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) एवं अन्य प्रासंगिक विधिक प्रावधानों के तहत मामले की निष्पक्ष एवं विधिसम्मत जांच कराने के निर्देश दिए हैं। जांच अधिकारी को 15 दिनों के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट न्यायालय में प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है।
न्यायालय द्वारा कराई जा रही इस जांच का उद्देश्य बंदी की मृत्यु से संबंधित सभी परिस्थितियों एवं तथ्यों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करना है।