विकासखंड सरवनखेड़ा में बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति तथा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की बैठक आयोजित

बाल संरक्षण, बालिकाओं की सुरक्षा एवं महिला सशक्तीकरण को लेकर दी गई महत्वपूर्ण जानकारी

संवाददाता
कानपुर देहात

कानपुर देहात, 06 अगस्त 2026। जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल के निर्देशों के क्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी के नेतृत्व में विकासखंड सरवनखेड़ा के सभागार में ब्लॉक बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति तथा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना की द्वितीय त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई।

बैठक की शुरुआत में प्रभारी खंड विकास अधिकारी द्वारा विकासखंड के विभिन्न केंद्रों से उपस्थित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही योजना के पात्र लाभार्थियों को अधिक से अधिक संख्या में आवेदन कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में बाल कल्याण समिति के सदस्यों द्वारा किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 एवं नियमावली, 2016 के प्रावधानों की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि बाल कल्याण समिति एवं किशोर न्याय बोर्ड द्वारा देखरेख एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों की देखभाल, संरक्षण, उपचार, विकास एवं पुनर्वास के साथ-साथ उनकी मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाती है।

बालिकाओं के प्रति भेदभाव समाप्त करने पर जोर

जिला मिशन समन्वयक प्रतिमा श्रीवास्तव ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के उद्देश्यों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने लंबे समय से लिंगानुपात में असमानता के कारणों, बालिकाओं के प्रति होने वाले भेदभाव तथा महिलाओं की सुरक्षा एवं सशक्तीकरण के संबंध में उपस्थित लोगों को जागरूक किया।

उन्होंने बच्चों को गुड टच एवं बैड टच के बारे में जानकारी देने तथा बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

महिला कल्याण योजनाओं एवं हेल्पलाइन की दी जानकारी

जेंडर स्पेशलिस्ट निधि यादव ने महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं महिलाओं तथा बच्चों के लिए उपलब्ध आपातकालीन सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने 181 महिला हेल्पलाइन, 1090 महिला शक्ति हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन सेवा, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन एवं 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया।

कार्यक्रम के दौरान जागरूकता से संबंधित पंपलेट एवं पोस्टर भी वितरित किए गए।

बैठक में विमल सचान, प्रभारी खंड विकास अधिकारी, पुष्पा पाण्डेय, एडीओ समाज कल्याण, अनिल सिंह, सुषमा शुक्ला, सदस्य बाल कल्याण समिति, डॉ. प्रमोद, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला प्रोबेशन कार्यालय से जिला मिशन समन्वयक प्रतिमा श्रीवास्तव, जेंडर स्पेशलिस्ट निधि यादव, सामाजिक कार्यकर्ता अनिता यादव सहित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *