विकासखंड मलासा में बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की प्रथम त्रैमासिक बैठक आयोजित

संवाददाता : कानपुर देहात

कानपुर देहात। जनपद कानपुर देहात में जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशों के क्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी के नेतृत्व में 29 मई 2026 को विकासखंड मलासा के सभागार में ब्लॉक बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति तथा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना की प्रथम त्रैमासिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी द्वारा की गई।

बैठक के दौरान खंड विकास अधिकारी ने विकासखंड के विभिन्न केंद्रों से उपस्थित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम-2015 एवं नियमावली-2016 के अंतर्गत बाल कल्याण समिति एवं किशोर न्याय बोर्ड की भूमिका तथा बच्चों को सुरक्षित एवं संरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की।

इस अवसर पर जिला मिशन समन्वयक द्वारा बाल अपराधों की रोकथाम एवं मानव तस्करी जैसे गंभीर विषयों पर चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित सभी प्रतिभागियों को जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित किए गए तथा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान एवं बाल विवाह रोकथाम के प्रति शपथ दिलाई गई। साथ ही महिलाओं के विरुद्ध होने वाली सभी प्रकार की हिंसा एवं भेदभाव के उन्मूलन के लिए जागरूकता बढ़ाने हेतु प्रेरित किया गया।

लेखा सहायक महेंद्र श्रीवास्तव द्वारा विभागीय योजनाओं एवं विभिन्न टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। वहीं सामाजिक कार्यकर्ता ने ग्राम स्तर पर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ कार्यक्रमों के प्रभावी आयोजन के लिए सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को आवश्यक निर्देश दिए।

बैठक में खंड विकास अधिकारी, सुपरवाइजर, स्वास्थ्य विभाग की एएनएम, जिला मिशन समन्वयक, लेखा सहायक, सामाजिक कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, आशा कार्यकर्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

बैठक का मुख्य उद्देश्य बाल संरक्षण, बाल अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से संचालित करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *