वामा सारथी की पहल: पुलिस लाइन के बच्चों ने किया अमूल फैक्ट्री का शैक्षणिक भ्रमण बच्चों को आधुनिक उद्योग, स्टार्टअप और उद्यमशीलता की दी गई जानकारी

संवाददाता | कानपुर देहात

पुलिस वेलफेयर एसोसिएशन ‘वामा सारथी’ के तत्वावधान में जनपद कानपुर देहात के जैनपुर स्थित Amul फैक्ट्री में पुलिस लाइन के बच्चों के लिए विशेष शैक्षणिक भ्रमण (एक्सपोजर विजिट) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को आधुनिक उद्योगों की कार्यप्रणाली से परिचित कराना तथा उनमें स्टार्टअप एवं उद्यमशीलता की भावना विकसित करना था।

यह कार्यक्रम वामा सारथी की अध्यक्षा अर्चना सिरोही एवं मनी की उपस्थिति एवं मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ।

आधुनिक तकनीक और उद्योग संचालन की जानकारी

फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा बच्चों को दुग्ध प्रसंस्करण, ऑटोमैटिक पैकेजिंग एवं गुणवत्ता नियंत्रण से जुड़ी आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी गई। बच्चों ने फैक्ट्री के विभिन्न विभागों का अवलोकन कर उत्पादन प्रक्रिया को करीब से समझा।

स्टार्टअप और बिजनेस मैनेजमेंट के गुर

भ्रमण के दौरान बच्चों को बताया गया कि कैसे एक छोटा विचार आगे चलकर बड़े स्टार्टअप और सफल व्यवसाय का रूप ले सकता है। उन्हें टीम वर्क, सप्लाई चेन एवं उद्योग संचालन की बारीकियों के बारे में भी जानकारी दी गई।

बच्चों में दिखा उत्साह

पुलिस लाइन से आए बच्चों ने इस भ्रमण में उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने फैक्ट्री के विशेषज्ञों से स्टार्टअप, मैन्युफैक्चरिंग एवं करियर के अवसरों से जुड़े कई सवाल पूछे और नई जानकारियां प्राप्त कीं।

वामा सारथी अध्यक्षा अर्चना सिरोही ने कहा कि आज का समय नवाचार एवं स्टार्टअप का है। बच्चों में अपार प्रतिभा है और इस प्रकार के कार्यक्रम उन्हें भविष्य में आत्मनिर्भर एवं उद्यमी बनने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को केवल नौकरी खोजने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनने की दिशा में प्रेरित करना इस पहल का मुख्य उद्देश्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *