रोजगार मिशन के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यकारी समिति की बैठक, वृहद रोजगार मेले की तैयारियों पर चर्चा

संवाददाता
कानपुर देहात

उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत गठित जिला स्तरीय कार्यकारी समिति की बैठक जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान जनपद में प्रस्तावित वृहद रोजगार मेले के सफल आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि रोजगार मेले का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा निजी और औद्योगिक प्रतिष्ठानों के साथ समन्वय स्थापित कर युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार दिलाना है।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि रोजगार मेले में अधिक से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों और औद्योगिक इकाइयों को आमंत्रित किया जाए, जिससे जनपद के युवाओं को व्यापक स्तर पर रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें। उन्होंने यह भी कहा कि रोजगार मेले के आयोजन से पूर्व व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक अभ्यर्थी इसमें प्रतिभाग कर सकें।

बैठक में कौशल विकास विभाग, सेवायोजन कार्यालय, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), जिला उद्योग केंद्र सहित अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए रोजगार मेले के आयोजन की कार्ययोजना को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अभ्यर्थियों का पंजीकरण, कंपनियों से समन्वय, स्थल व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक तैयारियों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए रोजगार मेले का प्रभावी और सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित किया जाए, ताकि युवाओं को सीधे कंपनियों के माध्यम से रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिल सके।

बैठक में उपयुक्त एनआरएलएम गंगाराम, डीसी मनरेगा अशोक कुमार, क्षेत्राधिकारी प्रिया सिंह, सेवायोजन अधिकारी शशि तिवारी सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *