संवाददाता
कानपुर देहात
जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशानुसार जनपद की विभिन्न तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि संपूर्ण समाधान दिवस प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय शनिवार को आयोजित किया जाता है, जिसमें जिलाधिकारी क्रमवार विभिन्न तहसीलों में इसकी अध्यक्षता करते हैं।
उन्होंने बताया कि इन कार्यक्रमों में पुलिस अधीक्षक सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी भी प्रतिभाग करते हैं। वहीं अन्य तहसीलों में जिलाधिकारी द्वारा निर्धारित रोस्टर के अनुसार मुख्य विकास अधिकारी अथवा नामित अपर जिलाधिकारी संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हैं, जिसमें अपर पुलिस अधीक्षक भी शामिल होते हैं।
इसके अतिरिक्त शेष तहसीलों में संबंधित उपजिलाधिकारी संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हैं, जिसमें संबंधित पुलिस क्षेत्राधिकारी और तहसील स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहकर फरियादियों की समस्याएं सुनते हैं और उनके निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई करते हैं।
रोस्टर के अनुसार 07 मार्च 2026 को तहसील रसूलाबाद में जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया जाएगा। वहीं तहसील सिकंदरा में मुख्य विकास अधिकारी, तहसील अकबरपुर में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) तथा तहसील भोगनीपुर में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि यदि निर्धारित तिथि को सार्वजनिक अवकाश पड़ता है तो संपूर्ण समाधान दिवस अगले दिन आयोजित किया जाएगा।