संवाददाता | उरई/जालौन
जनपद में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ एवं दुर्घटनामुक्त बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कालपी स्थित यमुना पुल, जोल्हूपुर चौराहा एवं आटा टोल प्लाजा पहुंचकर यातायात व्यवस्था, सुरक्षा उपायों तथा आमजन की सुविधाओं का गहन जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कालपी स्थित यमुना पुल पर चल रहे मरम्मत कार्य को देखते हुए वैकल्पिक डायवर्जन व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरम्मत कार्य के दौरान किसी भी स्थिति में यातायात बाधित नहीं होना चाहिए तथा भारी वाहनों एवं आम नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान जोल्हूपुर चौराहे पर प्रस्तावित ओवरब्रिज निर्माण को लेकर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि ओवरब्रिज बनने से क्षेत्र में जाम एवं सड़क दुर्घटनाओं की समस्या में काफी राहत मिलेगी और यातायात अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित होगा।
हाईवे किनारे संचालित दुकानों एवं मरम्मत केंद्रों पर सड़क के किनारे ही भारी वाहनों की मरम्मत किए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने एनएचएआई अधिकारियों को निर्देश दिए कि हाईवे की सीमा में आने वाले अतिक्रमण एवं अवैध गतिविधियों को तत्काल हटाया जाए, ताकि दुर्घटनाओं की संभावना कम की जा सके।
आटा टोल प्लाजा के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पब्लिक एड्रेस सिस्टम को निरंतर सक्रिय रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े संदेश, सावधानियां एवं दुर्घटना रोकथाम संबंधी घोषणाएं नियमित रूप से प्रसारित की जाएं। साथ ही टोल प्लाजा कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि रात्रि में गुजरने वाले वाहन चालकों को थकान की स्थिति में रेस्ट एरिया में विश्राम करने के लिए जागरूक किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं बल्कि सामूहिक जागरूकता का विषय है। थोड़ी सी सावधानी और सतर्कता अनेक अमूल्य जीवन बचा सकती है।
इस अवसर पर मनोज सिंह, सन्नी कौशल, सुरेश कुमार, राजेश कुमार सहित एनएचएआई के अधिकारी उपस्थित रहे।